रामगढ़: भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी सह बीएलए टू राजीव पामदत्त ने कहा कि पांच अगस्त के बाद एसआईआर-2026 की ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगा. उन्होंने सभी जिला के सभी मतदाताओं से नाम सहित उससे संबंधित प्रत्येक विवरण की सावधानीपूर्वक जांच करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि कई बार मतदाता सूची में नाम तो दर्ज रहता है, लेकिन नाम की वर्तनी, फोटो, पता, मतदान केंद्र, पार्ट नंबर, सीरियल नंबर अथवा अन्य विवरणों में त्रुटियां रह जाती हैं. ऐसी गलतियां मतदान के समय अनावश्यक परेशानी का कारण बन सकती हैं.
इसलिए प्रत्येक मतदाता को अपने सभी विवरणों की जांच कर समय रहते आवश्यक सुधार कराना चाहिए.राजीव पामदत्त ने कहा कि मतदाता यह सुनिश्चित करें कि नाम के सामने एडेड, डिलेटेड, सिफ्टेड जैसी कोई टिप्पणी गलत तरीके से दर्ज नहीं हो. यदि किसी प्रकार की त्रुटि मिले तो संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी या बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत तत्काल सुधार कराएं.
