पतरातू: परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव (पीबीआई) के लंबित भुगतान को लेकर पतरातू प्रखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों (सीएचओ) ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ धीरेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में सीएचओ ने बताया कि नवंबर 2025 से अब तक उनका परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव का भुगतान लंबित है, जबकि वे निर्धारित जिम्मेदारियों का नियमित रूप से निर्वहन कर रहे हैं और समय-समय पर सभी आवश्यक प्रतिवेदन व अभिलेख भी विभाग को उपलब्ध कराते रहे हैं.
सीएचओ का कहना है कि इससे पहले भी 18 मार्च व तीन जुलाई को बकाया भुगतान के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लंबे समय से प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन के बावजूद इंसेंटिव का भुगतान नहीं होना निराशाजनक है. ज्ञापन के माध्यम से सीएचओ ने प्रशासन से अविलंब बकाया परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो सभी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर सामूहिक रूप से आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
ज्ञापन सौंपने के दौरान नीलिमा टोप्पो, सुमन एक्का, शुभम कुमार, सद्दाम हुसैन, गुलाम जिलानी, प्रिया कच्छप, सुमित्रा बैक, रीना टोप्पो, नाजीस अंसारी सहित अन्य कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर उपस्थित थे.
