पतरातू (रामगढ़). श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गुरुवार को पतरातू क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कोतो स्थित किड्ज ए जूनियर स्कूल में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं. इनमें राधा-कृष्ण बनाओ, भगवान श्रीकृष्ण के चित्र में रंग भरो, कृष्ण की जीवनी पर आधारित निबंध लेखन और चित्र बनाओ प्रतियोगिता शामिल रही.
नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक राकेश कुमार ने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित विभिन्न नृत्य प्रस्तुत किये. बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों के साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही.
मौके पर सैकड़ों अभिभावकों के अलावा मनोरमा कुमारी, अशोक सिन्हा, राधिका कुमारी, सुनील सिंह, वैष्णवी कुमारी, नंदिनी कुमारी, विजय ठाकुर, ज्योति कुमारी, ऋतु कुमारी, शाजिया मैम, अतुल सिन्हा और आतिश कुमार समेत अन्य उपस्थित थे.
राधा-कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे बच्चे
वहीं, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, पतरातू बाजार में भी जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में सजकर पहुंचे. बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो गया.
बच्चों को बतायी गयी कृष्ण की बाल लीलाएं
शिक्षकों ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और बाल लीलाओं की जानकारी दी. दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों को लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला.
