रामगढ़. चैनगड़ा वार्ड नंबर 18 में जर्जर सड़क की स्थिति को लेकर वार्डवासियों में नाराजगी है. वार्डवासियों के अनुसार, करीब 20 दिनों से सड़क पूरी तरह जर्जर है. जगह-जगह गड्ढों में बारिश का पानी जमा है, जिससे लोग फिसल रहे हैं. बच्चों और बुजुर्गों को उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाना मुश्किल हो रहा है. आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है.
शिकायत के बाद भी नहीं शुरू हुआ मरम्मत कार्य
वार्डवासियों ने कई बार वार्ड प्रतिनिधि, जमादार और जेई को सड़क की खराब हालत की जानकारी दी, लेकिन मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ. सबसे अधिक परेशानी उप स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले मरीजों को हो रही है.
गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को सबसे अधिक परेशानी
उदाहरण के लिए, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में खासी दिक्कतें आ रही हैं. एंबुलेंस भी गड्ढों के कारण समय पर नहीं पहुँच पा रही हैं. खराब सड़क के कारण एंबुलेंस और डॉक्टरों के वाहनों का आवागमन भी प्रभावित है.
पूजा के दौरान प्रतिमा विसर्जन का मुख्य मार्ग है सड़क
आगामी गणेश पूजा, विश्वकर्मा पूजा, करमा पूजा और दुर्गा पूजा के दौरान प्रतिमा विसर्जन का मुख्य मार्ग भी यही है.
दो दिनों में काम शुरू नहीं हुआ तो 10 सितंबर को धरना
सोमवार को स्थानीय लोगों ने उप स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाली के विरोध में प्रदर्शन किया. लोगों ने चेतावनी दी कि अगर अगले एक-दो दिनों में सड़क निर्माण व टेंडर की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो 10 सितंबर को रामगढ़ नगर परिषद कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जायेगा.
लोगों ने नगर परिषद से तत्काल सड़क निर्माण की मांग की है. मांग करने वालों में बिट्टू महतो, राजेश बेदिया, संजय रजवार, इकबाल अंसारी, कृति बेदिया, सोनु इराकी, सागर बेदिया, विक्रम तुरी, सोहराई तुरी, गणेश बेदिया, जेठु महतो, मोबिन अंसारी, विजय केसरी, मुनेश बेदिया सहित अन्य शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में 50 बाल विवाह रुकवाये, प्रयास जैक सोसाइटी ने संयुक्त राष्ट्र के फैसले का किया स्वागत
