दो साल से मरम्मत की मांग, जर्जर क्वार्टर का प्लास्टर गिरने से सीसीएलकर्मी की पत्नी घायल

भुरकुंडा में सीसीएल की जर्जर कॉलोनी में एक बड़ा हादसा हुआ है. क्वार्टर नंबर एमक्यू-232 का प्लास्टर गिरने से फोरमैन इंचार्ज अशोक राम की पत्नी अर्चना देवी घायल हो गईं. घटना के बाद कर्मियों का गुस्सा भड़क उठा है.

भुरकुंडा. सीसीएल के बरका-सयाल एरिया की भुरकुंडा परियोजना स्थित पटेलनगर सीसीएल कॉलोनी में रविवार की शाम करीब पांच बजे जर्जर क्वार्टर के कमरे का प्लास्टर गिरने से फोरमैन इंचार्ज अशोक राम की पत्नी अर्चना देवी घायल हो गयीं. घटना क्वार्टर नंबर एमक्यू-232 की है. बताया गया कि घटना के समय अर्चना देवी कमरे में आराम कर रही थीं. इसी दौरान जर्जर प्लास्टर का बड़ा हिस्सा उनके सिर पर गिर गया.

घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा ले गये. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गांधी नगर अस्पताल रेफर कर दिया गया. पीड़ित कर्मी अशोक राम ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से आवास की जर्जर स्थिति की मरम्मत के लिए सिविल विभाग के अधिकारी बालमुकुंद समेत अन्य अधिकारियों से लगातार आग्रह कर रहे थे, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन मिलता रहा. क्वार्टर की मरम्मत का काम आज तक शुरू नहीं हुआ. इसी वजह से इस तरह की घटना हुई है.

घटना के बाद कॉलोनी के सीसीएल कर्मियों में आक्रोश है. कर्मियों का कहना है कि पटेलनगर समेत कई सीसीएल कॉलोनियों के क्वार्टर की स्थिति जर्जर है. कई आवासों की छत से प्लास्टर उखड़ रहा है और छज्जे क्षतिग्रस्त हैं. उन्होंने महाप्रबंधक से सभी कॉलोनियों का सेफ्टी ऑडिट कराने, जर्जर आवासों की मरम्मत कराने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने और घायल महिला के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

सिविल विभाग की लापरवाही है : नरेश मंडल

घटना के बाबत यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन के नेता नरेश मंडल ने सिविल विभाग की कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि कर्मी वर्षों से आवास मरम्मत के लिए दौड़ते रहते हैं, लेकिन मरम्मत का काम नहीं होता है. उन्होंने आवासों का सेफ्टी ऑडिट कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की. यह भी कहा कि यूनियन शीघ्र आंदोलन शुरू करेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद इस्लाम

मोहम्मद इस्लाम वर्ष 2008 से प्रभात खबर से जुड़े हैं. वह पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. समाचार संकलन के दौरान जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, सामाजिक गतिविधियों तथा क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रयासरत हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >