केदला, रामगढ़ : स्थानीय केदला नगर स्थित पुराने डीएवी स्कूल परिसर में केदला स्पोर्टिंग क्लब की ओर से एक दिवसीय डे-नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों की 12 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो नेता सह मुखिया प्रतिनिधि मंतोष कुमार सिंह शामिल हुए. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आपसी भाईचारे और शारीरिक-मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. युवाओं को खेल के क्षेत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा निखारनी चाहिए.
रोमांचक मुकाबले में ब्रदर कश्यप की जीत
प्रतियोगिता के फाइनल में बड़गांव और ब्रदर कश्यप केदला नगर की टीम आमने-सामने हुई. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया. रोमांचक मुकाबले के बाद ब्रदर कश्यप केदला नगर की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि बड़गांव की टीम उपविजेता रही.
मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को बड़ा कप व अन्य पुरस्कार तथा उपविजेता टीम को छोटा कप व अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया. क्लब के सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजन से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होता है.
मौके पर अभिषेक कुमार, आकाश कुमार, रोहित कश्यप, करण कुमार, पीयूष कुमार, राजा करमाली, संजय करमाली आदि मौजूद थे.
