रामगढ़: रामगढ़ विधायक ममता देवी ने शुक्रवार को छावनी परिषद रामगढ़ के अधिशासी अधिकारी विवेक कुमार सिंह से मुलाकात की. विधायक ने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. उन्होंने ब्रिगेडियर पुरी स्टेडियम का स्थल निरीक्षण भी किया. उनके साथ सीइओ भी निरीक्षण में शामिल थे.
निरीक्षण के दौरान विधायक ने खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ब्रिगेडियर पुरी स्टेडियम के आधुनिक स्वरूप में निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) शीघ्र तैयार करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि स्टेडियम का विकास इस तरह किया जाये, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलें.
इस दौरान छावनी परिषद क्षेत्र में आम नागरिकों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए अत्याधुनिक टाउन हॉल (कम्युनिटी हॉल) निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई. विधायक ने इस परियोजना के लिए भी शीघ्र डीपीआर तैयार कर निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया.
ममता देवी ने कहा कि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में खेल, सामाजिक एवं आधारभूत संरचनाओं का समग्र विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. मौके पर पंकज प्रसाद तिवारी, संजय साव, बलराम साव मौजूद थे.
