गोला. निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता प्रपत्रों का संग्रह और ऑनलाइन अपलोड करने का कार्य अंतिम चरण में है. 19 जुलाई तक फॉर्म जमा करने और ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने की समय सीमा निर्धारित होने से गोला प्रखंड के बीएलओ पर कार्य का भारी दबाव है. पूरबडीह पंचायत के बूथ संख्या 331 की बीएलओ सुशीला देवी ने बताया कि उनके बूथ पर कुल 645 मतदाता हैं. जिनमें लगभग 100 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है. अब तक करीब 400 मतदाताओं के फॉर्म प्राप्त कर ऑनलाइन अपलोड भी कर दिये गये हैं, जबकि शेष फॉर्म जमा कराने में काफी परेशानी हो रही है. उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर सभी मतदाताओं के बीच फॉर्म का वितरण किया गया था. लेकिन कई लोग अब तक फॉर्म भरकर वापस नहीं कर पाये हैं. कई बार घर जाने पर भी संबंधित व्यक्ति नहीं मिलते हैं. वहीं कुछ लोग फॉर्म गलत तरीके से भरकर जमा कर देते हैं. जिससे सुधार कराने में अतिरिक्त समय लग रहा है.
शारीरिक और मानसिक परेशानी हो रही है
बीएलओ ने बताया कि लगातार काम के दबाव के कारण उन्हें शारीरिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि एक दिन अत्यधिक थकान के कारण वह बेहोश होकर गिर गयी थीं. दिनभर क्षेत्र में कार्य करने के बाद रात नौ से दस बजे तक घर पर बैठकर कार्य करना पड़ता है. साथ ही घर की जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ रही हैं. उन्होंने बताया कि गांव के शिक्षित युवक, शिक्षिका यशोदा देवी तथा पंचायत सचिव लिनेट तिर्की के सहयोग से कार्य आगे बढ़ रहा है. इसके बावजूद निर्धारित समय में पूरा कार्य पूरा होना मुश्किल लग रहा है.
दस दिन का अतिरिक्त समय देने की मांग
बीएलओ ने फॉर्म जमा करने और ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के लिए कम से कम दस दिन का अतिरिक्त समय देने की मांग की. ऐसी समस्याओं का सामना बीएलओ को भी करना पड़ रहा है. सीओ सीताराम महतो ने बताया कि 19 जुलाई को बीएलओ के साथ एक बैठक होनी है. जिसमें जमा आवेदनों का ड्रॉप पब्लिकेशन होगा. इसके बाद 22 को पब्लिकेशन हो जायेगा. लेकिन जिसका फार्म जमा नहीं होगा इसके लिए उन्हें अतिरिक्त प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा.
