मांडू, रामगढ़ : दिव्यांगजनों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिव्यांग परिवर्तन फाउंडेशन की ओर से मांडू डीह पंचायत भवन में एक दिवसीय पंचायत स्तरीय जागरूकता सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के निदेशक सह जिला प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अतहर अली ने की.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंचायत के मुखिया बैजनाथ राम समेत अन्य अतिथियों को संस्था की ओर से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. शिविर में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016, यूडीआईडी कार्ड, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा तथा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी.
यूडीआईडी कार्ड बनवाने की दी जानकारी
संस्था के संरक्षक शाहिद सिद्दीकी ने कहा कि जिन दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड नहीं बना है, वे संस्था के माध्यम से कार्ड बनवाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं. प्रशिक्षण कोऑर्डिनेटर गुड़िया कुमारी गुप्ता ने दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और उनके अधिकारों पर प्रकाश डाला. रविंद्र कुमार ने पंचायत स्तर से मिलने वाली आवास, मनरेगा और स्वरोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी दी.
मुखिया बैजनाथ राम ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत दिव्यांगजनों के हित में हरसंभव सहयोग करती रहेगी. शिविर में करीब 125 दिव्यांगजन, उनके अभिभावक और अन्य प्रतिभागी शामिल हुए.
कार्यक्रम को सफल बनाने में गुड़िया कुमारी गुप्ता, अंजली कुमारी सहित लीड्स संस्था के सोशल वॉलिंटियरों और अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
