पंकज कुमार की रिपोर्ट
बरकाकाना (रामगढ़): ओपी क्षेत्र के बुजुर्ग जमीरा सरना पार स्थित आर्मी जवान लक्ष्मण कुमार के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान की चोरी कर ली. लक्ष्मण कुमार पंजाब में पदस्थापित हैं. बीते शुक्रवार को वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर में ताला बंद कर ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे. इसी रात चोरों ने घर को निशाना बनाया. चोरी की घटना पड़ोस के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चार नकाबपोश दिखाई दे रहे हैं.
चोरों ने तोड़ दिए अलमारी और बक्सा के ताले
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे चार नकाबपोश मुख्य द्वार पर लगे दो तालों को तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद चोरों ने अलमारी और बक्से के ताले तोड़ दिए और दीवान के अंदर रखे सामान को भी बिखेर दिया. परिजनों के अनुसार, अलमारी और घर के अन्य स्थानों पर रखे लाखों रुपये के सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिये गए.
शनिवार सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा. इसकी सूचना उन्होंने लक्ष्मण कुमार और बरकाकाना ओपी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. वहीं, पुलिस की टेक्निकल टीम भी जांच में जुटी है.
सीसीटीवी में कैद हुए 4 नकाबपोश
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चारों नकाबपोश रात करीब एक बजे घर में प्रवेश किये और लगभग पौने तीन बजे चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गये. फुटेज में यह भी दिख रहा है कि एक नकाबपोश करीब दो बजे घर से निकलकर पास की झाड़ियों में जाकर छिप गया था. वह करीब एक घंटे तक झाड़ियों में छिपा रहा. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. मामले की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- स्कूल से तड़ित चालक चोरी कर रहे थे 3 चोर, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
