बरकाकाना : बरकाकाना जंक्शन पर गुरुवार को अव्यवस्था का आलम उस समय देखने को मिला, जब हाइटेंशन तार की चपेट में आया युवक लगभग तीन घंटे तक तेज धूप में तड़पता रहा. इस दौरान रेल के सभी विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेवारी थोपते रहे. बरकाकाना स्टेशन के आठ नंबर लाइन से सुबह लगभग 9.45 बजे स्टेशन मास्टर कार्यालय को एक विक्षिप्त युवक पवन (पिता ब्रह्मदेव दास, ग्राम नया टोला भंवरा सिमरी, जिला बख्तियारपुर) के हाइटेंशन तार को छू कर घायल होने की सूचना मिली. युवक घायल हालात में मालगाड़ी के पीछे झाड़ियों के बीच गिरा हुआ था.
इसके बाद एसएम कार्यालय द्वारा लगभग 10 बजे राजकीय रेल थाना बरकाकाना को घटना के संबंध में मेमो भेजा गया. एसएम कार्यालय ने घटना की जानकारी रेलवे अस्पताल को भी दी. अस्पताल से मेडिकल टीम मौके के लिए रवाना हुए. घायल का प्राथमिक उपचार किया गया. हद तो तब हो गयी, जब प्राथमिक उपचार के बाद घायल को वहीं पर छोड़ कर अस्पताल कर्मी वापस लौट गये. इस दौरान एक रेल कर्मी ने घायल को पानी पिलाया. लगभग 12.55 बजे आरपीएफ व जीआरपी के जवान घटनास्थल पहुंचे.
इसके बाद अनुबंधित सफाई कर्मियों की मदद से घायल को उठाकर जीआरपी थाने के बाहर रखा गया. यहां जीआरपी ने वाहन में तेल व चालक नहीं होने की बात कहते हुए मामले से पल्ला झाड़ लिया. बाद में स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बरकाकाना रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया. यहां घायल के जिस्म पर मरहम लगाने के बाद रिम्स रेफर किया गया. स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर उसे रिम्स भेजा.
