रामगढ़ : बोर्ड ऑफ डिसेबल क्रिकेट एसोसिएशन के झारखंड राज्य मुख्य संरक्षक विजय मेवाड़ ने सांसद महेश पोद्दार द्वारा राज्यसभा में दिव्यांगों की बहाली को लेकर सवाल उठाने पर आभार जताया है. उन्होंने कहा है कि दिव्यांगों ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. सांसद का आवाज उठाना सराहनीय कदम है. इससे दिव्यांगों को ताकत मिलेगी. सांसद श्री पोद्दार ने केंद्र व राज्य सरकार की बहालियों में तीन प्रतिशत आरक्षण का नियम सख्ती से लागू करने,
दिव्यांगों के लिए सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण का अनुपालन नहीं होने के कारण बैकलॉग रहने आैर दिव्यांगों के तीन प्रतिशत नियमानुसार बहाली नहीं करने के दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई का मामला भी उठाया. कार्मिक लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने बताया कि मई 2015 में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालय, विभाग व इकाइयों में दिव्यांगों के लिए रिक्त पदों पर विशेष भरती अभियान शुरू किया गया था. इसके तहत 15 हजार से भी ज्यादा पद चिह्नित किये गये थे. इसमें से 13105 पदों को भरा गया है. राज्य सरकारों को भी नियमानुसार बहाली का निर्देश दिया गया है.
