छात्र संघ चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार जोरों पर
26 तक होगा चुनाव प्रचार. 27 को डाले जायेंगे वोट.
भुरकुंडा : भुरकुंडा क्षेत्र में कॉलेज छात्र संघ का चुनाव प्रचार जोरों पर है. विभिन्न राजनीतिक पार्टियों से संबद्धता ने चुनाव की सरगरमी बढ़ा दी है. प्रत्याशी अपने समर्थन में मतदान की अपील करते नजर आ रहे हैं.
सभी प्रत्याशियों का जीत के लिए अपना-अपना दावा है. कोई कॉलेज की व्यवस्था सुधारने, तो कोई विद्यार्थियों की सुविधा बढ़ाने की बात कर रहा है. इन सबके बीच मतदाता खामोशी से प्रत्याशियों को समझने में लगे हैं. जेएम कॉलेज व जुबिली कॉलेज में चार पदों पर 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में खड़े हैं.
चुनाव में आजसू छात्र संगठन, अभाविप, झारखंड छात्र मोरचा, एनएसयूआइ के अलावा कुछ निर्दलीय प्रत्याशी भी भाग्य आजमा रहे हैं.
छात्र हित में कार्य करेंगे : अभाविप
जेएम कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अमन हेंब्रम, उपाध्यक्ष गुलनाज परवीन ने कहा कि जीत के बाद विद्यार्थियों के हित में कार्य करेंगे.
कॉलेज में शैक्षणिक माहौल को सुधारने का काम किया जायेगा. प्रचार-प्रसार में प्रदेश मंत्री गूंजन मरांडी, जिला संगठन मंत्री राकेश ठाकुर, चुनाव प्रभारी सदस्य प्रहलाद पांडेय, मंसूर खान, सलील मोहन सिन्हा, पूनम साहनी, आरती कुमारी, सुनैना, अजीत कुमार, इम्तियाज, सुरेंद्र कुमार, मंजीत कुमार, रेखा कुमारी, प्रेरणा यादव शामिल थे.
फिर से इतिहास दोहरायेंगे : एनएसयूआइ : जेएम कॉलेज में एनएसयूआइ के अध्यक्ष प्रत्याशी कन्हैया रजक, उपाध्यक्ष गौरव तिवारी, सचिव शिल्पा कुमारी, संयुक्त सचिव अंकिता प्रिया ने जनसंपर्क अभियान चलाया. प्रत्याशियों ने कहा कि कॉलेज में पिछले चुनाव में जीत मिली थी. इस बार भी इतिहास दोहरायेंगे. संगठन ने विद्यार्थियों के हित में अच्छा कार्य किया है. पुन: मतदाताओं का विश्वास मिलेगा. जनसंपर्क में जिलाध्यक्ष जयंत तुरी, मेराज अंसारी, सरफराज अहमद, सोनी कुमारी, बबीता कुमारी, मुकेश कुमार, विवेक कुमार शामिल थे.
