अगवा महिला ने चलती कार से लगायी छलांग

गोला : रामगढ़ से अगवा महिला ने रविवार शाम सात बजे गोला थाना के सामने चलती कार से छलांग लगा दी. पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया. भोला पांडेय के शूटर रह चुके स्व संतोष सिंह की विधवा अंजु सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका और उसके चार वर्षीय पुत्र पृथ्वी का अपराधियों ने अपहरण […]

गोला : रामगढ़ से अगवा महिला ने रविवार शाम सात बजे गोला थाना के सामने चलती कार से छलांग लगा दी. पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया. भोला पांडेय के शूटर रह चुके स्व संतोष सिंह की विधवा अंजु सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका और उसके चार वर्षीय पुत्र पृथ्वी का अपराधियों ने अपहरण किया, मौका देख वह कार से कूद गयी. यह सुन पुलिस हरकत में आयी और कार का पीछा किया. इस बीच अपराधी कार को गोला के बरवाटांड़ रेलवे क्रॉसिंग के पास छोड़ खेत की और भागने लगे. पुलिस ने पहले बच्चे को अपराधियों से मुक्त कराया. इसके बाद अपराधी राजन उर्फ राहुल सिंह व गौरव कुमार को गिरफ्तार किया, जबकि एक भागने में सफल रहा. कार भी बरामद कर लिया गया है.
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अंजु को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भरती कराया गया है. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है.
इंजेक्शन देकर बेहोश किया : अंजु सिंह ने थाना प्रभारी संजय कुमार को बताया कि रविवार को रामगढ़ के दुसाध मुहल्ला स्थित ससुराल में उसका देवर राजन उर्फ राहुल सिंह अपने चार सहयोगियों के साथ पहुंचा. इसके बाद जबरन उसे इंजेक्शन दे दिया गया. इसके बाद वह बेहोश हो गयी. गोला थाना से कुछ दूर पहले उसे होश आया और उसने गेट खोलने का प्रयास किया, तो उन लोगों ने कनपटी पर रिवाल्वर तान धमकी दी. उनकी धमकी का परवाह न करते हुए उसने चलती कार से छलांग लगा दी. महिला ने बताया कि उन लोगों की मंशा उसकी हत्या करने की थी.
क्या है मामला : 14 अगस्त 2016 को भोला पांडेय गिरोह के शूटर संतोष सिंह की हत्या रांची के रातू रोड में श्रीवास्तव गुट के सदस्यों ने कर दी थी. अंजु सिंह ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया था. इससे नाराज देवर राजन उर्फ राहुल सिंह ने अंजु को अगवा कर हत्या की योजना बनायी थी. वर्ष 2011 में संतोष सिंह ने कांके की गारु निवासी अंजु कुमारी से प्रेम विवाह किया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >