ट्रैक्टर, मोटर पंप सहित भारी मात्रा में कढ़ाही बेलचा आदि बरामद
कुजू : वन विभाग व कुजू पुलिस ने मंगलवार रात संयुक्त अभियान चला कर सुगीया वन क्षेत्र के महुआटुंगरी में छापामारी की. इस दौरान दामोदर नद के किनारे अवैध उत्खनन स्थल से मोटर पंप सहित भारी मात्रा में कढ़ाही बेलचा आदि बरामद किये गये.
छापामारी के दाैरान अधिकारियों को पास के एक भट्ठे में ट्रैक्टर से स्टीम कोयला गिराने की सूचना मिली. अधिकारियों ने छापामारी कर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. जब्त ट्रैक्टर को रांची रोड स्थित वन विभाग कार्यालय परिसर में रखा गया है. ट्रैक्टर पर करीब डेढ़ टन स्टीम कोयला लदा है.
वन विभाग ने ईंट भट्ठा मालिक सार्जनबेड़ा निवासी मिश्रीलाल महतो के विरुद्ध मामला दर्ज किया है. छापामारी अभियान में रेंजर विनय कुमार, सुधीर कुमार लाल, प्रभात कुमार सिन्हा, डोमन राम, लक्ष्मण प्रजापति, कुजू ओपी के सअनि भूतनाथ सिंह मुंडा सदल बल शामिल थे.
