रामगढ़ जेल में कैदियाें में मारपीट, लाठीचार्ज
रामगढ़ : रामगढ़ उपकारा में रविवार की रात व साेमवार की सुबह कैदियों के बीच जम कर मारपीट हुई. कैदियाें ने बीच बचाव करने गये उपकारा के जमादार रामप्रवेश राय व जेलर रामाशंकर प्रसाद के साथ भी हाथापाई की. सूचना मिलने पर मुख्यालय डीएसपी बीरेंद्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में रामगढ़, रजरप्पा, गोला थाना व बरकाकाना ओपी की पुलिस व पुलिस लाइन के पुलिसकर्मी जेल पहुंचे आैर बल प्रयाेग कर हालात को काबू में किया.
मारपीट में 50-60 कैदी शामिल थे : बताया गया कि रविवार की रात कैदी नौशाद अंसारी व गौतम साव के बीच मारपीट प्रारंभ हुई, जाे दो गुटों के बीच तब्दील हो गयी. 50-60 कैदी मारपीट में शामिल हो गये. कई को चोट लगी. पगली घंटी बजने के बाद वहां मौजूद सुरक्षा बलों ने किसी तरह कैदियाें को काबू में किया. रात में मुख्यालय डीएसपी वीरेंद्र कुमार चौधरी सुरक्षा बलों के साथ उपकारा पहुंचे. बताया गया कि कैदी गौतम साव को कंबल से ढक कर पीटा गया.
साेमवार की सुबह करीब 10 बजे इसी बात काे लेकर फिर कैदियों को दो गुट आपस में भिड़ गये. इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. फिर पगली घंटी बजायी गयी. सुरक्षाबलाें ने बल प्रयाेग कर कैदियाें काे शांत किया.
डीसी ने जेल अधीक्षक से मांगी रिपोर्ट : सूचना पर डीसी ए दोड्डे उपकारा पहुंचे. मामले की जानकारी ली.डीसी ने कहा कि घटना के बाद जेल की सुरक्षा और बढ़ा दी गयी है. मारपीट करनेवाले कैदियों पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. बदमाशी करनेवाले कैदियों को सेल में रखने का निर्देश दिया गया है. जेल अधीक्षक से घटना की रिपोर्ट मांगी गयी है.
जिला पुलिस बल के भरोसे है सुरक्षा : रामगढ़ उपकारा की सुरक्षा जिला पुलिस बल के भरोसे है. उपकारा का उदघाटन हुए दो महीने होने को है. अब तक जेल पुलिस व अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती नहीं की गयी है. बताया गया कि कम सुरक्षा बलों के वजह से ही कैदियों ने हंगामा करने की हिम्मत की.
