सीएमडी ने प्रशिक्षणार्थियों को दिये टिप्स
बच्चों को रोजगार से जोड़ने की जिम्मेवारी लें
बरकाकाना : सीसीएल कमांड क्षेत्र में रहनेवाले सभी लोग एक वृहद परिवार हैं. इस परिवार का हर वह आदमी अंग है, जो किसी भी तरह से इस क्षेत्र से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ा है. इनके भविष्य का भी दायित्व सीसीएल का है.
इसी उद्देश्य को लेकर मैं अपने तमाम एचओडी व उनके परिवार के साथ यहां मौजूद हूं. उक्त बातें सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह ने कही. श्री सिंह शुक्रवार को सीटीआइ बरकाकाना परिसर में शुरू किये गये इंडक्शन कम ओरिएंटेशन ट्रेनिंग सेंटर का उदघाटन करने सपत्नीक पहुंचे थे. उन्होंने इस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों से कहा कि कोयला उद्योग के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब गांव-देहात के बच्चों के भविष्य को तय करने के लिए सीसीएल का पूरा महकमा एक साथ मौजूद है. उन्होंने कहा कि आज देश में बढ़ती जनसंख्या व आवश्यकताओं के बीच संतुलन बनाने की जिम्मेवारी पूरे समाज की है. मौके पर मौजूद सीसीएल के सभी निदेशकों व विभागाध्यक्षों से कहा कि अगर ये अधिकारी ठान लें, तो दो-चार बच्चों को रोजगार से जोड़ सकते हैं. अगर हर अधिकारी ऐसा करे, तो यहां पढ़ने वाले सभी छात्रों को पढ़ाई पूरी करने के बाद सीधे रोजगार से जोड़ा जा सकता है.
उन्होंने छात्रों से बेहतर इनसान बनने को कहा. बताया कि कैसे दूसरों की मदद कर इनसान पूरे समाज की भलाई कर सकता है.
अच्छे इनसान बनने की दी नसीहत : श्री सिंह ने सभी से अच्छे इनसान बनने की बात कही. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जीवन में इन बच्चों में एक बच्चे को भी आप अनसान बना पायें, तो समझें जीवन सफल है.
