रजरप्पा : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को रजरप्पा मंदिर में तीन करोड़ 95 लाख रुपये की विकास योजनाओं की आधारशिला रखी. मुख्यमंत्री के साथ पेयजल व स्वच्छता मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी व पर्यटन मंत्री अमर बाउरी भी थे. मुख्यमंत्री श्री दास ने रजरप्पा मंदिर में रजरप्पा मंदिर कांप्लेक्स टूरिज्म का शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि रजरप्पा मंदिर के विकास से लोगों को रोजगार मिलेगा.
सरकार पर्यटन के साथ – साथ सरकार, कृषि, उद्योग व आइटी के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है. रजरप्पा में गेटवे ऑफ मां छिन्नमस्तिका, डबल स्टोरेज पुलिस चौकी, शॉपिंग सेंटर व मंदिर जाने के लिए सीढ़ी, क्रेसेटेरिया ओवर एक्जीट एक्सट्रक्चर (क्यू कांप्लेक्स) आदि कार्य कराये जायेंगे. भैरवी नदी के किनारे स्नान घाट व श्रद्धालुओं के लिए मुख्य मंदिर के किनारे डबल स्टोरेज (स्टैंडिग लाइन) बनाये जायेंगे.
हेलीकॉप्टर से पहुंचे मुख्यमंत्री : मुख्यमंत्री रघुवर दास हेलीकॉप्टर से रजरप्पा के डीएवी ग्राउंड में उतरे. यहां से सड़क मार्ग से होते हुए रजरप्पा मंदिर पहुंचे. साथ में पर्यटन मंत्री अमर बाउरी भी थे.
वहां पहले से ही स्थानीय विधायक सह पेयजल व स्वच्छता मंदिर चंद्रप्रकाश चौधरी मंदिर में मौजूद थे. रजरप्पा मंदिर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने मां छिन्नमस्तिके देवी का दर्शन किया. उधर, रजरप्पा के डीएवी ग्राउंड के बाहर मुख्यमंत्री को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही. मुख्यमंत्री श्री दास ने रजरप्पा से जाने के दाैरान लोगों का अभिवादन भी किया.
