रजरप्पा : रजरप्पा मंदिर में तीन करोड़ 95 लाख रुपये की योजना के शिलान्यास के बाद विकास के नये द्वार खुलेंगे. उक्त बातें पेयजल व स्वच्छता मंत्री सह स्थानीय विधायक चंद्रप्रकाश चौधरी ने कही. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मंदिर क्षेत्र में कई कार्य कराये गये हैं. वर्तमान में भी विकास कार्य शुरू हो रहा है. इससे हजारों लोगों को रोजी – रोजगार व लाभ मिलेगा.
उन्होंने कहा कि रजरप्पा मंदिर में पर्यटकों के लिए कई योजनाएं हैं. मंदिर पहुंचनेवाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलेंगी, तभी विश्वास जगेगा. दामोदर – भैरवी नदी में हैंगिंग ब्रिज का निर्माण होगा, जो यहां के लिए आकर्षक का केंद्र होगा. पर्यटन मंत्री अमर बाउरी ने कहा कि रजरप्पा के साथ-साथ देवघर, पारसनाथ सहित कई मंदिरों को भी विकसित करने का कार्य सरकार ने शुरू कर दिया है.
