कुजू : कुजू ओपी क्षेत्र के नयामोड़ आरा हीरक मार्ग पर ग्राम मुरपा के निकट स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में बुधवार की रात दो बजे उग्रवादी संगठन टीएसपीसी ने धावा बोला.
उग्रवादियों ने फैक्टरी में लगे ट्रांसफारमर को डायनामाइट से उड़ा दिया. उग्रवादियों ने दहशत फैलाने के लिए परिसर में दो बम विस्फोट भी किया. उग्रवादियों ने यहां परचा भी छोड़ा है.
फैक्टरी प्रबंधन के अनुसार, लगभग 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. बताया जाता है कि जैसे ही उग्रवादियों का दस्ता फैक्टरी में प्रवेश किया, फैक्टरी के कर्मी वहां से भाग गये.
बाद में इसकी सूचना कुजू पुलिस को दी गयी. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. जानकारी के अनुसार, पिछले एक वर्ष के भीतर उक्त फैक्टरी में उग्रवादियों के धावा बोलने की यह तीसरी घटना है. घटना के बाद फैक्टरी प्रबंधन व कर्मचारियों में दहशत है. एसपी व एसडीपीओ ने घटनास्थल का दौरा कर घटना की जानकारी ली है.
