रामगढ़ से संजय शुक्ला की रिपोर्ट
चुटुपालू घाटी(रामगढ़). रामगढ़-रांची फोरलेन मार्ग स्थित चुटुपालू घाटी में शनिवार रात से रविवार सुबह तक अलग-अलग समय में तीन सड़क दुर्घटनाएं हुईं. हादसों में एक महिला की मौत हो गयी, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. दुर्घटनाओं के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी, जिसे पुलिस ने वन-वे व्यवस्था कराकर यातायात सामान्य कराया.
फ्लाई ऐश लदा वाहन दुर्घटनाग्रस्त
पहली दुर्घटना शनिवार रात करीब 10 बजे हुई. सीजी 13 एडब्ल्यू 1539 नंबर का फ्लाई ऐश लदा वाहन अनियंत्रित होकर घाटी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया. वाहन राउरकेला से फ्लाई ऐश लेकर चतरा रोड स्थित शीला मार्केट जा रहा था. हादसे में चालक सुरक्षित बताया गया है.
ब्रेक फेल होने से ट्रक की दूसरे वाहन से टक्कर
दूसरी दुर्घटना शनिवार रात हुई. जमशेदपुर से लोहे का स्क्रैप लेकर कानपुर देहात, उत्तर प्रदेश जा रहे 14 चक्का ट्रक यूपी 93 बीटी 5146 का घाटी में ब्रेक फेल हो गया. इसके बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और एक अशोक लेलैंड वाहन पीबी 06 बी 5762 को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में ट्रक चालक जालौन निवासी कुलदीप अकेला और खलासी मुन्ना प्रजापति को हल्की चोटें आयीं.
कंटेनर की चपेट में आयी कार
तीसरी दुर्घटना रविवार सुबह हुई. रांची से रामगढ़ की ओर आ रही एक कार को अनियंत्रित कंटेनर एनएल 01 एबी 8418 ने अपनी चपेट में ले लिया. बताया गया कि कंटेनर का ब्रेक फेल होने के बाद उसने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी. हादसे में कार सवार साराह तबस्सुम (37) पति मो. फिरोज अंसारी की मौत हो गयी. वहीं रांची निवासी फिरोज आलम और सबीताजमीन घायल हो गये. दोनों का इलाज रामगढ़ के हॉप अस्पताल में चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, कार में रामगढ़ डीएसपी मुख्यालय अकरम रजा के परिवार के सदस्य सवार थे.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ आलोक रंजन और रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ दुर्घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कराया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइड्रा की मदद से सड़क किनारे हटाया गया. हादसों के कारण कुछ देर तक यातायात बाधित रहा. पुलिस ने वन-वे व्यवस्था लागू कर यातायात को सामान्य कराया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है.
