जिला में 12 आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र बनाये गये हैं
इनका उद्देश्य छह वर्ष के बच्चों का समेकित विकास करना है
आंगनबाड़ी केंद्रों में 230 बच्चों का नामांकन कराया जा चुका है
रामगढ़ : बेंच-डेस्क, खिलौने, दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग एवं वैज्ञानिक तरीकों से बच्चों को आधुनिक शिक्षा देती तस्वीर किसी महंगे प्ले स्कूल की नहीं, बल्कि रामगढ़ जिले के आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों की है. यहां बच्चे कतार लगा कर केंद्र के खुलने का इंतजार करते हैं. गर्भवती महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास को मूर्त रूप प्रदान करते आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र एक गरीब परिवार के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. गांवों में स्थित यह आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह से निःशुल्क है. रामगढ़ जिला में 12 आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र बनाये गये हैं. इनका उद्देश्य शून्य से छह वर्ष के बच्चों का समेकित विकास करना है.
स्थानीय क्षेत्रों के नवजात शिशुओं के टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं के गर्भावस्था की जानकारी, टीकाकरण एवं बच्चों की प्राथमिक शिक्षा का सोपान गढ़ना है. इन सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका है. इसमें कुपोषण से लड़ने वाले औषधीय पौधों को प्रमुखता से लगाया गया है. बच्चों के लिए स्वच्छ वातावरण में रसोई घर में भोजन तैयार करने की सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं. अब तक इन आंगनबाड़ी केंद्रों में 230 बच्चों का नामांकन कराया जा चुका है. उपायुक्त राजेश्वरी बी ने जिले में ऐसे और आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र तैयार करने की बात कही है. इन आंगनबाड़ी केंद्रों की तर्ज पर पंचायत भवन बनाने की भी योजना है.
