अरगड्डा : आजसू पार्टी महाप्रबंधक कार्यालय, अरगड्डा में आठ दिनों से धरना दे रही थी. सोमवार को प्रबंधन के साथ वार्ता के बाद धरना समाप्त हो गया. वार्ता में प्रबंधन की ओर से आजसू पार्टी की सात सूत्री मांगों पर विचार -विमर्श किया गया. जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की बात कही गयी. पार्टी कार्यकर्ता प्रबंधन की ओर से उनकी मांगों पर विचार कर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन मिलने के बाद आठ दिनों से जारी धरना कार्यक्रम को समाप्त करने का निर्णय लिया.
वार्ता में महाप्रबंधक संचालन एस बाजपेयी, एसओपी एसके सिंह, आजसू पार्टी के मांडू विधानसभा क्षेत्र प्रभारी तिवारी महतो, कपिल देव महतो, गुड्डू यादव, दिवाकर महतो, विनोद किस्को शामिल थे. तिवारी महतो ने कहा कि प्रबंधन की ओर से हमें सकारात्मक हल निकालने का आश्वासन दिया गया है. फिलहाल आंदोलन को स्थगित किया जा रहा है.
