पानी के लिए बर्तन के साथ प्रखंड मुख्यालय के समक्ष ग्रामीणों का प्रदर्शन

पानी के लिए बर्तन के साथ प्रखंड मुख्यालय के समक्ष ग्रामीणों का प्रदर्शन

35 लाख की योजना से मिला केवल 35 घरों को कनेक्शन, नहीं होती है जलापूर्ति. पतरातू. कोतो पंचायत व न्यू मार्केट क्षेत्र में गहराते जल संकट को लेकर गुरुवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने बर्तन लेकर प्रखंड मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने पानी की समस्या के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अविलंब समाधान की मांग की. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी सह समाजसेवी जयप्रकाश सिंह ननकी ने बताया कि सरकार की महत्वाकांक्षी जल-नल योजना के तहत टोकीसुद में लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य हुआ. कोतो पंचायत में पाइपलाइन भी बिछायी गयी, लेकिन सड़क निर्माण के कारण मात्र 35 घरों में ही कनेक्शन दिया गया. इसके बाद न तो नये कनेक्शन दिये गये और न ही बीते दो वर्षों से एक बूंद पानी की आपूर्ति हो सकी. उन्होंने बताया कि कटिया में करीब छह करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित जलमीनार भी वर्षों से बंद है, जबकि यह कोतो की जमीन पर बनी है. स्थानीय मुखिया द्वारा ग्रामीणों को समझा कर जमीन उपलब्ध कराया गया था, ताकि देवी मंडप व मुंडा टोला सहित आसपास के क्षेत्रों को पानी मिल सके. ग्रामीणों ने बताया कि 60-70 वर्षों से उपयोग में रहा पतरातू डैम का पानी भी बंद कर दिया गया है. अधिकांश चापानल खराब है. संवेदक की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए ब्लैकलिस्ट करने की मांग : मुखिया निधि सिंह ने टोकीसुद जलमीनार के संवेदक की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग की. न्यू मार्केट के समाजसेवी राहुल कुमार ने कहा कि जब तक हर घर तक पानी नहीं पहुंचेगा, आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने उपायुक्त के नाम ज्ञापन को प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंप कर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है. बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता ने मामले में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया. प्रदर्शन में वार्ड सदस्य संदीप उरांव, सरिता देवी, वीणा देवी, मनमती देवी, कन्हैया कुमार, महावीर अग्रवाल, गोविंद सोनी, अरविंदम नायक, नूरजहां परवीन, रानी देवी, ममता देवी शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saroj tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >