बरकाकाना : बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित करमा वोहवाटांड़ स्थित ईंट भट्ठे में बुधवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर ट्रैक्टर में लदा दो टन कोयला जब्त किया गया. इस दौरान एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में ओपी पुलिस ने बताया गया कि बुधवार सुबह छह बजे गश्ती दल को ट्रैक्टर से अवैध कोयला प्रदीप महतो के ईंट भट्ठा में पहुंचाने की सूचना मिली. इसके बाद ओपी प्रभारी मुन्ना सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने छापामारी की. पुलिस टीम को देखते ही भट्ठे में मौजूद लोग भाग गये. इस दौरान पुलिस ने संचालक प्रदीप महतो को पकड़ लिया.
ट्रैक्टर (जेएच02ए 2338) को दो टन कच्चा कोयला के साथ जब्त किया. बगल में ही एक 709 ट्रक (जेएच01बी 8292) को भी जब्त किया गया. संचालक से कोयले के संबंध में कागजात की मांग की गयी, लेकिन कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया. इसके बाद पुलिस ने कांड संख्या 02/18, धारा 414 भादवि, कोल माइंस एक्ट, वन अधिनियम के तहत प्रदीप महतो, भोला महतो, धनेश्वर महतो समेत दोनों वाहन मालिक व चालक पर मामला दर्ज कर लिया है. इधर, गिरफ्तार प्रदीप महतो को रामगढ़ उपकारा भेज दिया गया.
