हरिहरगंज,पलामू: हरिहरगंज थाना क्षेत्र के ढाब गांव निवासी 28 वर्षीय सुधीर कुमार की सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान पटना में मौत हो गयी. सुधीर कुमार सरजू राम का पुत्र था. वह औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-139 पर दोस्ताना होटल के समीप हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था.
हादसे के बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया था. पटना में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
यह भी पढ़ें : Palamu News: तेज रफ्तार Swift Dzire की चपेट में आने से तीन किशोर घायल, मेला घूमकर लौट रहे थे घर
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
शुक्रवार देर शाम सुधीर का शव ढाब स्थित उसके घर पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया. पत्नी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी मातम पसर गया.
परिजनों के अनुसार सुधीर परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है. घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है.
