कृष्ण गुप्ता की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सरसोत गांव में अवैध हथियार रखने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर दो देशी कट्टा बरामद किया है. मामले की जानकारी छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सरसोत गांव का एक युवक अवैध देशी कट्टा अपने पास रखे हुए है. सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने कार्रवाई करते हुए सरसोत गांव निवासी उपेंद्र साव के बेटे अभय कुमार उर्फ अभय राज उर्फ लड्डू (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया.
निशानदेही पर बरामद हुआ दो देशी कट्टा
पूछताछ के दौरान युवक की निशानदेही पर दो अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए दो अवैध देशी कट्टा बरामद किए गए. बरामदगी के बाद पुलिस ने हथियारों को जब्त कर लिया. इस संबंध में हरिहरगंज थाना में कांड संख्या 105/2026 दर्ज किया गया है. मामले में गिरफ्तार युवक एवं एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
छापामारी दल में ये लोग रहे शामिल
छापामारी दल में एसआइ कुमार सौरभ, अविनाश कुमार, पथरा पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, हवलदार हेमंत भेंगरा, लालबाबू यादव, अशोक यादव, रमेश उरांव, प्रीतम कुमार जायसवाल, गणेश साह, चालक आरक्षी सुधीर प्रकाश और सहायक पुलिस राजेंद्र यादव शामिल थे.
यह भी पढ़ें: गुमला-सिमडेगा सीमा पर भीषण सड़क हादसा, तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत
यह भी पढ़ें: चांडिल के सिंहभूम कॉलेज में कुड़मालि विषय की पढ़ाई शुरू करने की मांग, जिप उपाध्यक्ष ने सौंपा मांगपत्र
