पलामू में सुखाड़ की आहट? 10 पंचायतों में पहुंचे केएन त्रिपाठी, किसानों ने बताई परेशानी

पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने सतबरवा में पंचायत परामर्श यात्रा के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और सुखाड़ की स्थिति पर चिंता व्यक्त की।

सतबरवा,पलामू: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएन त्रिपाठी ने बुधवार को पंचायत परामर्श यात्रा के तहत सतबरवा प्रखंड की सभी 10 पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान को लेकर सुझाव मांगे।

केएन त्रिपाठी ने कहा कि पंचायत परामर्श यात्रा का उद्देश्य गांवों की वर्तमान स्थिति और ग्रामीणों की समस्याओं को करीब से समझना है, ताकि उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जा सके। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से पलामू जिले की सभी पंचायतों का दौरा किया जा रहा है।

दौरे के दौरान कई गांवों के ग्रामीणों ने बताया कि इस वर्ष बारिश काफी कम होने के कारण धान की रोपनी प्रभावित हुई है। कम बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सुखाड़ और अकाल जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। किसानों की स्थिति को देखते हुए उन्होंने जल संसाधनों के बेहतर उपयोग और वैकल्पिक खेती पर जोर दिया।

इस दौरान त्रिपाठी ने मलय डैम के क्षतिग्रस्त चैन संख्या 18, सतबहिनी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मलय डैम सतबरवा, मेदिनीनगर सदर और लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के किसानों के लिए लाइफलाइन है। इस वर्ष बारिश कम होने से किसानों के सामने गंभीर संकट है।

उन्होंने कहा कि मलय डैम में पानी उपलब्ध है और मरम्मत कार्य में देरी के बावजूद डैम का फाटक खोल दिया गया है। जिन क्षेत्रों में जलाशयों में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है, वहां किसानों को वैकल्पिक फसलों की ओर भी ध्यान देना चाहिए, ताकि कम बारिश की स्थिति में नुकसान को कम किया जा सके।

दौरे के क्रम में उन्होंने सतबरवा बीडीओ सह सीओ विजय कुमार से भी मुलाकात की और सरकार की ओर से संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी ली।

मौके पर सतबरवा प्रखंड प्रमुख पति जुगल किशोर राम, उप प्रमुख कामाख्या प्रसाद यादव, बीस सूत्री कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष राजकुमार यादव, विवेकानंद त्रिपाठी, रविंद्र तिवारी, प्रदीप प्रसाद, हारून रशीद, राजेश प्रसाद समेत कई लोग मौजूद थे।


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >