एनएच-39 पर दो जगह अंडरपास का रास्ता खुला, सांसद की पहल के बाद मंजूरी की प्रक्रिया तेज

पलामू के मेदिनीनगर फोरलेन बाइपास पर पोखराहा और जोड़ के पास अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.

मेदिनीनगर (पलामू): पलामू के मेदिनीनगर फोरलेन बाइपास सड़क एनएच-39 पर पोखराहा और जोड़ के पास लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है. दोनों स्थानों पर अंडरपास निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. दोनों परियोजनाओं की सैद्धांतिक मंजूरी के लिए प्रस्ताव भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के मुख्यालय स्तर पर प्रक्रियाधीन है. ऐसे में जल्द ही दोनों स्थानों पर अंडरपास निर्माण को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने की उम्मीद है.

सांसद ने लोकसभा में उठाया था मामला

पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के निजी सचिव अलख दुबे ने बताया कि मेदिनीनगर बाइपास पर पोखराहा और जोड़ के पास अंडरपास/फ्लाईओवर निर्माण के लिए सांसद लगातार प्रयासरत रहे हैं. सांसद ने 23 जुलाई 2026 को लोकसभा में नियम-377 के तहत इस मामले को प्रमुखता से उठाया था. सांसद के प्रयास के बाद सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री अजय टम्टा ने 31 अगस्त को पत्र भेजकर दोनों परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी.

पोखराहा में वीइपी और जोड़ में एलवीयूपी का प्रस्ताव

मंत्रालय की ओर से भेजे गए पत्र के अनुसार एनएच-39 पर पोखराहा के पास किमी 165+700 पर वीईइपी तथा जोड़ के पास किमी 169+023 पर एलवीयूपी के निर्माण का प्रस्ताव है. दोनों अंडरपास के निर्माण में रेलवे ट्रांसमिशन लाइन बाधक बन रही है. इसे ऊंचा करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. ट्रांसमिशन लाइन की शिफ्टिंग के लिए 3.43 करोड़ रुपए की राशि रेलवे प्राधिकरण को उपलब्ध भी करा दी गई है. इसके बाद दोनों परियोजनाओं की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है.

ये भी पढ़ें- जपला की बेटी और हार्वे स्कूल की पूर्व छात्रा सत्यवती मिश्रा का निधन, पुराने साथियों में शोक की लहर

सड़क सुरक्षा के साथ आवागमन होगा सुगम

मेदिनीनगर फोरलेन बाइपास के निर्माण के बाद इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बढ़ी है. ऐसे में सड़क के एक ओर से दूसरी ओर जाने वाले ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार उन्हें मुख्य सड़क पर जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है. पोखराहा और जोड़ में अंडरपास बनने से स्थानीय लोगों को फोरलेन पर जोखिम उठाकर सड़क पार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और बाइपास पर वाहनों का परिचालन भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगा.

सड़क, रेल और आधारभूत संरचनाओं का विस्तार प्राथमिकता : वीडी राम

सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र में सड़क, रेल और आधारभूत संरचनाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. पोखराहा और जोड़ में अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि जल्द ही दोनों परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई शुरू होगी. उन्होंने कहा कि पलामू की जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को केंद्र सरकार के स्तर पर लगातार उठाया जा रहा है. सड़क और रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और आम लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी.

ये भी पढ़ें- धान के खेत में घास निकाल रही महिला को सांप ने काटा, हालत गंभीर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर सिंह

चंद्रशेखर सिंह प्रभात खबर से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार हैं और पिछले करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने लंबे समय से पत्रकारिता करियर में क्राइम, सामाजिक मुद्दों और राजनीति से जुड़े विषयों पर व्यापक रूप से काम किया है. मेदिनीनगर (पलामू) में जमीनी स्तर की पत्रकारिता में इनकी खास पकड़ रही है. समाज से जुड़े महत्वपूर्ण और अनदेखे मुद्दों को सामने लाने, आम लोगों की समस्याओं को आवाज देने और सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने के लिए वह जाने जाते हैं. अपराध और राजनीति से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक बदलाव और जनहित के मुद्दों पर भी लगातार काम किया है. क्राइम रिपोर्टिंग, सामाजिक सरोकार और राजनीतिक पत्रकारिता उनके प्रमुख कार्यक्षेत्र रहे हैं. तीन दशकों के अनुभव के दौरान उन्होंने बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता के तौर-तरीकों को करीब से देखा और समझा है. उनकी पत्रकारिता में जमीनी अनुभव, सामाजिक मुद्दों की समझ और तथ्यपरक रिपोर्टिंग को विशेष महत्व मिलता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >