सतबरवा. प्रखंड क्षेत्र के कसियाडीह गांव में बुधवार को मनिका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की टीम ने एक निजी मकान में संचालित कथित अवैध चिकित्सा क्लीनिक पर छापेमारी की. इस दौरान टीम ने वहां से एक अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त किया है.जब्त मशीन को तत्काल सतबरवा पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
बताया जाता है कि कसियाडीह गांव निवासी अरुण मेहता के मकान में पिछले कई वर्षों से मनिका के ग्रामीण चिकित्सक ओम रंजन द्वारा क्लीनिक संचालित किया जा रहा था, जहां ग्रामीणों का इलाज किया जाता था. इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर मनिका सीएचसी के चिकित्सकों की टीम ने क्लीनिक में छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान टीम को अल्ट्रासाउंड मशीन मिली, जिसे जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया. मामले में मशीन के संचालन से संबंधित दस्तावेज और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है. आरोप सिद्ध होने पर प्राथमिक की दर्ज की जाएगी. कई ग्रामीणों ने बताया कि काफी दिनों से ग्रामीण चिकित्सक के द्वारा इलाज तथा अल्ट्रासाउंड मशीन से जांच किया जाता था.
जहां कई महिलाएं भी आया करती थीं. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा पूरे मामले की छानबीन की जा रही है.वहीं, मकान मालिक अरुण मेहता ने बताया कि पिछले कई वर्षों से मणिका के ओम रंजन द्वारा चिकित्सा क्लीनिक चलाया जा रहा था. फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो रही है. इस संबंध में मनिका सीएससी प्रभारी डॉ दिव्य क्षितिज खजूर दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया मगर नहीं हो सका.
