सीएसपी लूटने पहुंचे दो अपराधी को संचालक और ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

मेदिनीनगर में सीएसपी लूटने पहुंचे दो अपराधियों को संचालक रोहित गुप्ता और उसकी मां ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया. अपराधियों ने भागने के दौरान गोली भी चलाई थी, लेकिन वे पकड़े गए.

मेदिनीनगर. लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज गांव में सोमवार दोपहर ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) लूटने पहुंचे दो अपराधियों को संचालक रोहित गुप्ता और उसकी मां ने ग्रामीणों की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. इस दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए एक राउंड गोली भी चलायी. घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की है. पकड़े गये अपराधियों की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के गुरतुरी गांव निवासी 18 वर्षीय रामवीर सिंह और पवन सिंह के रूप में हुई है.

पिस्टल के बल पर सीएसपी से लूटे 25 हजार

जानकारी के अनुसार, दोनों अपराधी बाइक से गोपालगंज स्थित सीएसपी पहुंचे और पिस्टल का भय दिखाकर करीब 25 हजार रुपये लूट लिये. भागने के दौरान रोहित गुप्ता ने विरोध करते हुए दोनों से हाथापायी शुरू कर दी. शोर सुनकर उसकी मां और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. इसी दौरान अपराधियों ने एक राउंड गोली चलायी. गोली चलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गये और दोनों अपराधियों को हथियार समेत पकड़ लिया.

सुबह ही लूटी थी पल्सर बाइक

पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधियों ने सोमवार अहले सुबह पोलपोल के पोखराहा के पास विष्णु प्रजापति को हथियार का भय दिखाकर उसकी पल्सर बाइक लूट ली थी. इसी बाइक से दोनों गोपालगंज पहुंचे थे. पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पहले बस से पोलपोल पोखराहा पहुंचकर विष्णु प्रजापति से बाइक लूटी और इसके बाद उसी बाइक से सीएसपी में लूट की घटना को अंजाम देने पहुंचे.

15 हजार में किराये पर लिया था हथियार

पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने के लिए पाटन क्षेत्र के किसी व्यक्ति से 15 हजार रुपये में हथियार किराये पर लिया था. पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, पल्सर बाइक और काला बैग बरामद किया है.

अन्य अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस

एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है. घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान की जा रही है. साथ ही हथियार और बाइक से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर सिंह

चंद्रशेखर सिंह प्रभात खबर से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार हैं और पिछले करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने लंबे समय से पत्रकारिता करियर में क्राइम, सामाजिक मुद्दों और राजनीति से जुड़े विषयों पर व्यापक रूप से काम किया है. मेदिनीनगर (पलामू) में जमीनी स्तर की पत्रकारिता में इनकी खास पकड़ रही है. समाज से जुड़े महत्वपूर्ण और अनदेखे मुद्दों को सामने लाने, आम लोगों की समस्याओं को आवाज देने और सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने के लिए वह जाने जाते हैं. अपराध और राजनीति से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक बदलाव और जनहित के मुद्दों पर भी लगातार काम किया है. क्राइम रिपोर्टिंग, सामाजिक सरोकार और राजनीतिक पत्रकारिता उनके प्रमुख कार्यक्षेत्र रहे हैं. तीन दशकों के अनुभव के दौरान उन्होंने बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता के तौर-तरीकों को करीब से देखा और समझा है. उनकी पत्रकारिता में जमीनी अनुभव, सामाजिक मुद्दों की समझ और तथ्यपरक रिपोर्टिंग को विशेष महत्व मिलता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >