प्रतिनिधि, मेदिनीनगर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा रविवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया गया. इस अवसर पर तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता रैली निकाली गयी. सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर कार्यालय परिसर से रैली रवाना किया. यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस हुआ. रैली में शामिल स्वास्थ्य कर्मी तख्ती व बैनर लेकर चल रहे थे. इसके माध्यम से आम नागरिकों को तंबाकू सेवन के खतरों से अवगत कराया गया. कार्यालय के सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी में सिविल सर्जन डॉ श्रीवास्तव ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह है. तंबाकू सेवन करने से मुंह का कैंसर, पायरिया, दांतों का सड़ना, फेफड़े का कैंसर, सीओपीडी, अस्थमा जैसी कई तरह की बीमारी होती है. साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने पर टीबी, हृदय रोग, एचआईवी संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है.सिविल सर्जन ने आम नागरिकों से अपील किया कि स्वस्थ जीवन के लिए तंबाकू का सेवन करने से परहेज करना चाहिए. लोग जागरूक होकर स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करें. उन्होंने कहा कि जिन्हें नशा करने की आदत है,उन्हें नशा छोड़ने का प्रयास करना चाहिए. अस्पताल में नशामुक्ति केंद्र संचालित है, जहां चिकित्सा परामर्श व उपचार की सुविधा उपलब्ध है. कार्यालय परिसर में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया. मौके पर डीपीएम देवेन्द्र भूषण, डीडीएम राजीव कुमार, डॉ प्रेमचंद, डीपीसी अभिषेक आनन्द, बीटीटी अरुण तिवारी, सीमा ठाकुर,रीना कुमारी, स्वास्थ्य सहिया नेहा, अंजू, सरस्वती,पूनम, रुखसाना, किरण, नीलम, पिंकी, शशि,प्रियंका, रीता, आरती,सविता सहित कई स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे.
तंबाकू का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह : सीएस
तंबाकू का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह : सीएस
