हरिहरगंज. हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा टोला स्थित बेलघाटी पुल के समीप शनिवार को पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवक बटाने नदी की तेज धार और गहरे पानी की चपेट में आकर डूब गये. स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक राजेंद्र साव को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि रितिक और टेनी नामक दो युवक नदी में लापता हो गये. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.
वीडियो बनाते-बनाते गहरे पानी में पहुंचे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक पिकनिक मनाने के लिए बेलघाटी पुल के पास पहुंचे थे. इसी दौरान वे नदी में उतरकर वीडियो बनाने लगे. नदी में पानी का बहाव तेज था और कई स्थानों पर पानी काफी गहरा था. वीडियो बनाने के दौरान तीनों युवक धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गये. इसी बीच वे तेज धार की चपेट में आकर डूबने लगे.
स्थानीय लोगों ने पहले ही किया था मना
बताया जाता है कि नदी किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने युवकों को गहरे पानी में जाने से मना किया था. उन्होंने नदी की तेज धार और गहराई को देखते हुए पानी में नहीं उतरने की सलाह दी थी. इसके बावजूद युवक चेतावनी को नजरअंदाज कर नदी में चले गये. कुछ ही देर बाद तीनों के डूबने से मौके पर हड़कंप मच गया.
एक युवक बेहोशी की हालत में निकाला गया
स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव का प्रयास शुरू किया. काफी प्रयास के बाद राजेंद्र साव (40) को नदी से बाहर निकाला गया. वह बिहार के औरंगाबाद जिले के टीकरी पर मिनी बिगहा गांव निवासी स्वर्गीय राम नरेश साव का पुत्र बताया गया है. नदी से बाहर निकाले जाने के समय वह बेहोशी की हालत में था. स्थानीय लोगों ने उसे हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
तेज धार के कारण दो युवकों की तलाश में परेशानी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रितिक और टेनी की तलाश शुरू की. नदी में पानी की तेज धार और अधिक गहराई के कारण खोजबीन में काफी परेशानी हुई. काफी प्रयास के बावजूद दोनों युवकों का पता नहीं चल सका.
पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने पर एसआइ अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली. पुलिस की मौजूदगी में भी लापता दोनों युवकों की तलाश जारी रही. घटना के बाद परिजनों और साथ आये लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है.
