प्रतिनिधि, मोहम्मदगंज भीषण गर्मी के बीच मोहम्मदगंज स्थित भीम बराज का जलस्तर तेजी से गिर रहा है. बराज के गेट नंबर 40 की रबर पैकिंग घिस जाने के कारण लगातार पानी का रिसाव हो रहा है. इसके चलते बराज का जलस्तर एक पखवाड़े पहले के 1.5 मीटर से घटकर बुधवार को मात्र 90 सेंटीमीटर रह गया है. जलस्तर में आयी अचानक कमी से बराज के आसपास के कई गांवों का भूजल स्तर भी प्रभावित हुआ है. बराज में पानी का पर्याप्त स्टॉक बनाये रखने के लिए उत्तर कोयल परियोजना बिहार के कर्मियों ने बुधवार को अपनी जान जोखिम में डालकर गेट की निचली सतह पर मरम्मत कार्य किया. कर्मियों के कठिन प्रयास से रिसाव को कुछ हद तक नियंत्रित किया गया है, हालांकि यह पूरी तरह बंद नहीं हो सका है. उत्तर कोयल परियोजना के कार्यपालक अभियंता विनीत प्रकाश ने बताया कि 15 जून से खरीफ फसल का सीजन शुरू हो रहा है, जिसके बाद बराज का पूरा नियंत्रण बिहार जल संसाधन विभाग के पास चला जायेगा. विभाग की मुख्य प्राथमिकता समय पर किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाना है.इससे पहले बराज की तकनीकी खामियों और मेंटेनेंस के काम को दुरुस्त कर लिया जायेगा .उन्होंने कहा कि तय तिथि तक बराज में पर्याप्त पानी सुरक्षित रखने के लिए ही बुधवार को फाटक से हो रहे जल रिसाव को रोकने का आपातकालीन प्रयास किया गया ताकि आगामी सीजन में किसानों को कोई दिक्कत न हो.
भीषण गर्मी व गेट से पानी रिसाव से भीम बराज का जलस्तर घटा
भीषण गर्मी व गेट से पानी रिसाव से भीम बराज का जलस्तर घटा
