एसपी ने व्यवसायियों के साथ की बैठक
अलार्म बटन दबाने पर सीधे थाना से होगा कनेक्ट
प्रतिनिधि : मेदिनीनगर
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने मंगलवार को जिले के व्यवसायियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. बैठक में व्यवसायियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर एसपी ने आश्वासन दिया कि जिले की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोलिंग शुरू की जायेगी. व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए हर क्षेत्र में अलार्म बटन लगाया जायेगा, जिसे दबाने पर सीधे थाना में अलार्म बजेगा और पुलिस तुरंत सक्रिय होगी.
एसपी ने कहा कि पुलिस को हाइटेक बनाने की दिशा में काम हो रहा है. संवेदनशील स्थानों पर क्यूआर कोड चिपकाये गये हैं, जिन्हें पुलिस अधिकारी स्कैन करेंगे ताकि जिला मुख्यालय को जानकारी मिल सके कि कौन अधिकारी उस क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं. दुकानदारों से अपील की गयी कि वे अपने घर और दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगायें तथा कर्मचारियों का बायोडाटा थाना में जमा करें. शस्त्र लाइसेंस केवल उन्हीं को दिया जायेगा, जिन्हें वास्तविक जरूरत हैउन्होंने स्पष्ट किया कि शस्त्र लाइसेंस केवल उन्हीं को दिया जायेगा जिन्हें वास्तविक जरूरत है. हर व्यक्ति को हथियार की आवश्यकता नहीं है. यदि किसी को विशेष सुरक्षा की जरूरत हो तो कुछ माह के लिए सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराये जा सकते हैं. 11 बजे के बाद केवल रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास की दुकानें खुली रहेंगी. लेस्लीगंज, जोड़, अमानत नदी और शाहपुर के पास 24 घंटे पुलिस मौजूद रहेगी. ओवर स्पीडिंग करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी और लोगों से अपील की गयी कि किसी भी समस्या पर 112 नंबर डायल करें, जिससे पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सके. बैठक में मेदिनीनगर चेंबर अध्यक्ष विकास सेठी, पूर्व डिप्टी मेयर मंगल सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी राजेश यादव, राजीव रंजन सहित कई अधिकारी और व्यवसायी उपस्थित थे.
