डिज़नीलैंड मेला के लिए शिवाजी मैदान मैं 88.20 लाख की बोली लगी

मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान में डिज्नीलैंड मेला के लिए 88.20 लाख की बोली लगी। नगर निगम को पिछले साल के मुकाबले 13.50 लाख रुपये का अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।

मेदिनीनगर. पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर में सावन माह में डिज्नीलैंड मेला के आयोजन के लिए शहर के शिवाजी मैदान की बंदोबस्त की गयी. गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित बैठक में खुली डाक के माध्यम से शिवाजी मैदान की बंदोबस्ती कर दी गयी. खुली डाक में तीन संवेदकों ने भाग लिया. पवन कुमार गुप्ता ने सर्वाधिक 88 लाख 20 हजार की बोली लगायी, जबकि बैजनाथ सिंह ने 88 लाख और चंचल मिश्रा ने 88 लाख 10 हजार की बोली लगायी. इस तरह 20 जुलाई से 25 सितंबर तक के लिए संवेदक पवन गुप्ता के नाम शिवाजी मैदान की बंदोबस्ती की गयी. इस मैदान की बंदोबस्ती को लेकर कुछ दिन पूर्व बैठक हुई थी. कुछ त्रुटियों का हवाला देते हुए शिवाजी मैदान की बंदोबस्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया था.

नगर निगम को 13.50 लाख अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है

गुरुवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता नगर निगम के महापौर अरुणा शंकर ने की. उन्होंने बंदोबस्ती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रसन्नता जाहिर की. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 74 लाख 70 हज़ार में शिवाजी मैदान की बंदोबस्त हुई थी. इस वर्ष 88.20 लाख में बंदोबस्त होने से नगर निगम को 13.50 लाख अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष सावन माह में कोयल नदी के तट पर झूलन मेला का आयोजन होता है. इस अवसर पर लोगों के मनोरंजन के लिए शिवाजी मैदान में डिज्नीलैंड द्वारा झूला लगाया जाता है. उन्होंने कहा कि मेला में आम नागरिको की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन सक्रिय रहेगा. मौके पर डिप्टी मेयर मनोज सिंह, नगर आयुक्त रंजीत लाल, अपर नगर आयुक्त दिलीप कुमार, सहायक नगर आयुक्त प्रमोद उरांव, लेखा पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, प्रधान सहायक धीरज कुमार, नाजिर संतोष कुमार मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandra shekhar singh

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >