मेदिनीनगर. चैनपुर थाना क्षेत्र के कोशियारा गांव निवासी विनय चौरसिया की नाबालिग पुत्री रीतु कुमारी की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और सीबीआइ जांच की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों ने आंदोलन शुरू कर दिया है. परिजनों और कई संगठनों ने कचहरी परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू किया. साथ ही पलामू डीसी को आवेदन देकर मामले की जानकारी दी.
आवेदन में कहा गया कि सात नवंबर 2025 को गांव के ही अजय चौरसिया व मंटू चौरसिया ने रीतु कुमारी का अपहरण कर हत्या कर दी थी. नौ नवंबर को पुलिस ने उसका शव बरामद किया था. परिजनों ने नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी थी. उनका आरोप है कि इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और वे खुलेआम घूम रहे हैं. घटना के करीब 10 माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार में निराशा है. संगठनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों की ओर से पीड़ित परिवार को धमकी दी जा रही है. इससे परिवार में भय का माहौल है.
संगठनों ने प्रशासन को 20 सितंबर तक आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है. गिरफ्तारी नहीं होने पर 21 सितंबर से पीड़ित परिवार आमरण अनशन करेगा. सुरक्षा, मुआवजा और सरकारी सहायता की भी मांग की गयी है. मौके पर आजाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय सिंह चेरो, क्रांतिकारी किसान मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष विजय चौरसिया, भाकपा माले के सरफराज आलम, जन संग्राम मोरचा के जिलाध्यक्ष वृजनंदन मेहता, झामस के नर्वदेश्वर सिंह, सामाजिक न्याय परिषद के रवि पाल, सुनील उरांव, वृजदेव रजवार आदि मौजूद थे.
