सड़क हादसे में विश्रामपुर के युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे किया जाम

Palamu Road Accident: पलामू के विश्रामपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने एनएच-39 जाम कर दिया. सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग की. पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने और जाम हटाने का प्रयास कर रही है, लेकिन तनाव बना हुआ है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट

Palamu Road Accident: झारखंड के पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा शंखा–पड़वा मोड़ मुख्य पथ पर करीब पांच बजे हुआ. मृतक की पहचान सेवरा गांव निवासी पप्पू चंद्रवंशी के रूप में की गई है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य के कारण उस क्षेत्र में सड़क को वन-वे किया गया था. भारत वाणिज्य कंपनी द्वारा मरम्मत कार्य चल रहा था. इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक गलती से निर्माणाधीन हिस्से में घुस गया और वहां खड़े एक हाइवा वाहन से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, एनएच-39 जाम

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने तुरंत नेशनल हाईवे-39 को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से भी रोक दिया और मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कंपनी भारत वाणिज्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि सड़क निर्माण में भारी अनियमितता बरती गई है. निर्माण के कुछ ही दिनों बाद सड़क कई जगहों पर खराब हो गई थी, जिसके कारण मरम्मत कार्य किया जा रहा था. लेकिन बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था और सड़क बंद किए ही काम किया जा रहा था, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं.

मुआवजे और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और निर्माण कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों को पूरा नहीं करता, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा.

इसे भी पढ़ें: पलामू इंस्पायर अवार्ड में झारखंड में लगातार छठी बार अव्वल, छात्रों ने रचा नया इतिहास

पुलिस मौके पर, जाम हटाने की कोशिश जारी

घटना की सूचना मिलते ही विश्रामपुर और रेहला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था. प्रशासन हालात को नियंत्रित करने और जल्द से जल्द यातायात बहाल करने की कोशिश में जुटा हुआ है.

इसे भी पढ़ें: गढ़वा में जिस्मफरोशी के धंधे का भंडाफोड़: तीन नामचीन होटल सील, मैनेजर गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >