प्रतिनिधि, मेदिनीनगर
समाहरणालय सभागार में बुधवार को पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जन समाधान दिवस के तहत जनता दरबार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्या से डीसी को अवगत कराया.डीसी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.जन समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा आपूर्ति विभाग से संबंधित दर्जनों आवेदन प्राप्त हुए.
बुजुर्ग की समस्या का किया ऑन-द-स्पॉट समाधान
जन समाधान के तहत पाटन प्रखंड के नवाजयपुर से पहुंचे 81 वर्षीय बुजुर्ग उदित ठाकुर ने डीसी को बताया कि आधार कार्ड में तकनीकी त्रुटि के कारण उनका वृद्धा पेंशन पिछले एक वर्ष से बंद है. वृद्धावस्था एवं आंखों से दिव्यांग होने के कारण वे विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने में पूरी तरह असमर्थ हैं. बुजुर्ग की बातें सुनने के बाद डीसी ने सम्मानपूर्वक बैठाकर पानी पिलाया. उन्होंने बेहद आत्मीयता के साथ कहा कि बाबा, अब आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है, आपका काम आज और अभी यहीं से होगा. डीसी ने सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक पीयूष को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. डीसी के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा तत्काल बुजुर्ग का आधार कार्ड अपडेट कराया गया तथा बैंक खाते से आधार सीडिंग की प्रक्रिया भी मौके पर ही पूर्ण करायी गयी .सभी तकनीकी त्रुटियों को दूर करते हुए वृद्धा पेंशन पुनः चालू करने एवं लंबित राशि के भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी .सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक पीयूष ने बताया कि आगामी सात दिनों के भीतर उदित ठाकुर के बैंक खाते में पिछले एक वर्ष की लंबित पेंशन राशि भेज दी जायेगी.