मृतक धर्मेंद्र यादव की शादी तय हो चुकी थी, 19 अप्रैल को था तिलक
By Prabhat Khabar News Desk | Updated at :
पाटन.
किशुनपुर-तरहसी मुख्य मार्ग पर लोइंगा में दो बाइक की जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बतायी जाती है. सूचना पाकर किशुनपुर ओपी प्रभारी कुमार नीरज व लोइंगा मुखिया रंजित कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. घायल युवकों को मेदिनीनगर एमएमसीएच भेजा. जिसमें लोइंगा गांव के ललन यादव के 20 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र यादव की मौत हो गयी. वहीं तरहसी गांव के मदन साव के 20 वर्षीय पुत्र रोहन कुमार व लालमोहन साव के पुत्र दीपू कुमार का इलाज एमएमसीएच में चल रहा है. धर्मेंद्र यादव की हालत गंभीर थी. उसे एमएमसीएच में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया था. लेकिन रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. इसकी सूचना मिलने के बाद धर्मेंद्र के घर में मातम पसर गया. उसकी शादी तय हो गयी थी. 19 अप्रैल को उसका तिलक कार्यक्रम था. धर्मेंद्र की मौत से उसके होने वाले ससुराल लेस्लीगंज के झाबर गांव में भी मातम पसर गया है. धर्मेंद्र के घर की माली हालत ठीक नहीं है.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।