पलामू में हादसा: चैनपुर में तालाब में डूबने से मां और दो वर्षीय बेटे की मौत

पलामू के चैनपुर में तालाब में डूबने से मां और उसके दो वर्षीय बेटे की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानिए पूरी घटना की विस्तृत जानकारी।

Plamu News: झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के किन्नी गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. पीपरढाबा के समीप तालापारा स्थित तालाब में डूबने से एक महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की मौत हो गई. शनिवार सुबह तालाब में दोनों के शव तैरते हुए मिलने के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया. सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया. मृतका की पहचान रंजू देवी के रूप में हुई है. वह अरुण महतो की पत्नी थीं. उनके साथ दो वर्षीय बेटे की भी तालाब में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.

शुक्रवार शाम घर से निकली थीं रंजू देवी

परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब छह बजे रंजू देवी अपने दो वर्षीय बेटे को लेकर घर से निकली थीं. देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटीं, तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई. मजदूरी कर घर लौटे पति अरुण महतो ने पत्नी और बेटे के बारे में पूछताछ की. आसपास के लोगों से जानकारी लेने के बाद परिवार ने दोनों की तलाश शुरू की. रातभर गांव के विभिन्न हिस्सों, आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन मां-बेटे का कोई सुराग नहीं मिला. परिवार पूरी रात उनकी तलाश करता रहा, लेकिन सुबह होते ही यह खोज एक दर्दनाक खबर में बदल गई.

सुबह तालाब में तैरते मिले दोनों के शव

शनिवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए तालापारा स्थित तालाब की ओर गए थे. इसी दौरान उनकी नजर तालाब में तैर रहे दो शवों पर पड़ी. पास जाकर देखने पर पता चला कि शव एक महिला और एक छोटे बच्चे के हैं. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गांव वालों, परिजनों और पुलिस को दी. खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंच गए. ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया. शवों की पहचान रंजू देवी और उनके दो वर्षीय बेटे के रूप में होने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई.

पैर फिसलने से हादसे की आशंका

ग्रामीणों और परिजनों की ओर से आशंका जताई जा रही है कि तालाब के किनारे पैर फिसलने के कारण रंजू देवी बच्चे के साथ गहरे पानी में चली गई होंगी. माना जा रहा है कि बच्चे को बचाने की कोशिश में दोनों पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई. हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी लालजी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन यह केवल हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: पलामू में 32 साल पुराने भ्रष्टाचार मामले में कार्रवाई, दो पूर्व पंचायत सेवकों समेत 6 गिरफ्तार

पीड़ित परिवार को बंधाया ढाढ़स

घटना की सूचना मिलने के बाद डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया के जिला प्रतिनिधि अमलेश चौरसिया भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. इस दर्दनाक घटना ने पूरे किन्नी गांव को झकझोर दिया है. एक ही परिवार से मां और मासूम बेटे की एक साथ मौत ने ग्रामीणों को गहरे सदमे में डाल दिया है. गांव के लोग अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, ताकि इस घटना की वास्तविक वजह पूरी तरह सामने आ सके.

इसे भी पढ़ें: JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को नहीं मिली राहत, CID की विशेष अदालत ने खारिज की जमानत याचिका

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandra shekhar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >