क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत पूरी, दो-तीन दिन में खुलेगा डैम का फाटक

सतबरवा के मलय डैम की क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत का कार्य पूरा हो गया है। जल्द ही फाटक खुलने से 105 गांवों के किसानों को धान की रोपनी के लिए पानी मिल सकेगा।

पलामू: मुरमा कठौतिया मलय डैम के चैन संख्या 18 सतबहिनी पर क्षतिग्रस्त नहर को पाइप के माध्यम से विभाग द्वारा दुरुस्त करा लिया गया है. दो-तीन दिन के दरमियान डैम का फाटक खुलने का अनुमान लगाया जा रहा है. विभाग के कनीय अभियंता हृदय कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त नहर को पटवन के पानी की आपूर्ति को लेकर तत्काल मरम्मत का कार्य पूर्ण हो गया है. जल्द ही लाभुक क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए डैम का फाटक खोल दिया जायेगा.

मालूम हो कि तीन प्रखंड क्षेत्र सतबरवा, मेदिनीनगर सदर तथा लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के 105 गांव के किसानों को पटवन का पानी मिलता है. मगर नहर क्षतिग्रस्त होने के कारण डैम में पानी होने के बावजूद अभी तक धान रोपनी का कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे किसानों में बेचैनी छायी हुई है. किसानों का कहना है कि नहर के क्षतिग्रस्त हुए करीब आठ माह से भी अधिक समय गुजर गया, मगर विभाग उदासीन रहा. किसानों का कहना है कि डैम का पानी ही धान रोपनी के लिए अंतिम उम्मीद है.

मालूम हो कि मरम्मत कार्य को लेकर पलामू सांसद बीडी राम, चतरा सांसद कालीचरण सिंह, विधायक आलोक चौरसिया, डॉ शशि भूषण मेहता तथा रामचंद्र सिंह के अलावा पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत तथा विभाग को किसानों द्वारा लिखित आवेदन के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है. बीते 16 जुलाई 2026 को किसान सह सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा के नेतृत्व में किसान महापंचायत का भी आयोजन किया गया था. इसके बाद विधायक डॉ शशि भूषण मेहता ने स्थल का निरीक्षण किया था.

जबकि राज्य स्तरीय दिशा समिति के सदस्य अवधेश सिंह चेरो, किसान प्रदीप सिंह, शिवनंदन सिंह, महेश्वर सिंह, रविंद्र तिवारी, विवेकानंद त्रिपाठी, रविंद्र सिंह, निर्मल सिंह के अलावा सांसद तथा विधायक के प्रतिनिधियों द्वारा विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील बिरुआ तथा अन्य अफसरों से संवाद किया गया.

वहीं, पलामू डीसी ने बीते 29 जुलाई 2026 को किसानों की समस्या को देखते हुए क्षतिग्रस्त नहर का अवलोकन किया तथा जल्द से जल्द नहर को दुरुस्त कर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का निर्देश दिया था. विधायक प्रतिनिधि सह सोशल मीडिया प्रभारी महेश यादव ने कहा कि पांकी विधायक डॉ शशि भूषण मेहता किसानों की समस्या को लेकर काफी चिंतित हैं. लगातार विभाग से संपर्क बना हुआ है, ताकि किसानों को पटवन का पानी मिल सके.

क्षतिग्रस्त नहर का कार्य पूरा होने पर किसानों में पानी को लेकर आशा जगी है. किसानों ने विभाग से अविलंब डैम का फाटक खोलने का आग्रह किया है, ताकि बचे हुए समय में धान रोपनी का कार्य शुरू हो सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >