पलामू: 17 साल देश सेवा, फिर कारगिल में शहादत - 27 साल बाद पैतृक गांव तुकबेरा में लगी शहीद प्रबोध महतो की प्रतिमा

पलामू में कारगिल युद्ध के शहीद हवलदार प्रबोध महतो के 27वें शहादत दिवस पर उनके पैतृक गांव में भव्य प्रतिमा का अनावरण और जीवनी पुस्तक का विमोचन किया गया।

नावा बाजार (पलामू). नावा बाजार प्रखंड के तुकबेरा पंचायत सचिवालय परिसर में कारगिल शहीद हवलदार प्रबोध महतो की 27वीं शहादत दिवस पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया गया और उनकी जीवनी पर आधारित पुस्तक 'अमर शहीद हवलदार प्रबोध महतो (पाल)' का विमोचन भी किया गया.

कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण जनता और कारगिल शहीद समिति तुकबेरा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल संजय अखौरी मौजूद रहे. पूर्व सैनिक बृजेश शुक्ला और संजू शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम का संचालन रविंद्र नाथ ठाकुर ने किया.

30 जुलाई 1982 को सेना में भर्ती

वीर शहीद हवलदार प्रबोध महतो नावा बाजार प्रखंड के तुकबेरा निवासी स्वर्गीय चंद्रिका पाल के पुत्र थे. उनका जन्म 12 दिसंबर 1962 को हुआ था. उन्होंने 30 जुलाई 1982 को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा शुरू की थी. सेना में करीब 17 वर्षों तक सेवा देने के बाद 6 सितंबर 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान देश की रक्षा करते हुए वे शहीद हो गये.

पैतृक गांव में प्रतिमा नहीं होने की कमी हुई दूर

शहादत के बाद जिला प्रशासन ने आनन-फानन में शहीद हवलदार की प्रतिमा उनके पैतृक गांव में लगाने के बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लहलहे-पोलपोल में स्थापित कर दी थी. इससे प्रशासन की प्रक्रिया तो पूरी हो गयी, लेकिन पैतृक गांव में प्रतिमा नहीं होने की कमी परिवार और ग्रामीणों को लगातार महसूस होती रही. आखिरकार शहीद के परिजनों ने खुद पहल की और 27वें शहादत दिवस के अवसर पर उनके पैतृक गांव तुकबेरा में भव्य प्रतिमा स्थापित करायी.

प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी गयी श्रद्धांजलि

समारोह में शहीद हवलदार प्रबोध महतो की पत्नी पुष्पम देवी, विशिष्ट अतिथियों और परिजनों ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया. इसके बाद पंडित नंदलाल मिश्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करायी. प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद हजारों लोगों ने वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इस दौरान पूरा क्षेत्र 'शहीद हवलदार प्रबोध महतो अमर रहे' के नारों से गूंज उठा.

शहीद के परिजनों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सैनिक परिवार की ओर से शहीद की पत्नी पुष्पम देवी और उनके तीन पुत्रियों अनु, रेनू, रुचि तथा इकलौते पुत्र शशिकांत को सम्मानित किया गया. कर्नल संजय अखौरी, बृजेश शुक्ला, रामजी तिवारी, विशाल कुमार तिवारी, अनिल कुमार सिंह, गिरजा उरांव, पंकज तिवारी, संदीप तिवारी, जितेंद्र तिवारी, शशिकांत ओझा, उपेंद्र कुमार मिश्रा, दुर्गेश मेहता और अनिल कुमार सिंह समेत करीब 35 लोगों ने संयुक्त रूप से परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. पूर्व सैनिकों ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पूरा सैनिक परिवार हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा है.

ये भी पढ़ें: JSSC CGL मामले में पलामू का युवक कुंदन कुमार गिरफ्तार, सिसई में था प्रखंड कल्याण पदाधिकारी

जीवनी पर आधारित पुस्तक का विमोचन

समारोह के दौरान मंच पर मौजूद अतिथियों ने हवलदार प्रबोध महतो के जीवन संघर्ष, वीरता और 17 वर्षों की देश सेवा पर आधारित जीवनी पुस्तक का विमोचन किया. पुस्तक का नाम 'अमर शहीद हवलदार प्रबोध महतो (पाल)' रखा गया है. वक्ताओं ने कहा कि शहीद की जीवनी पर आधारित यह पुस्तक आने वाली पीढ़ी और क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगी.

शहीद हवलदार प्रबोध महतो के जीवनी पर आधारित पुस्तक का विमोचन | Prabhat Khabar Network

शहीद की याद में लगाये गये पौधे

शहीद की स्मृतियों को लंबे समय तक संजोकर रखने के लिए पंचायत सचिवालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया. डॉ भोला प्रजापति की ओर से उपलब्ध कराये गये बरगद और नीम के पौधे शहीद के परिजनों, नावा बाजार की जिला पार्षद रीना देवी और प्रखंड प्रमुख विद्या देवी ने संयुक्त रूप से लगाये. इन पौधों का नाम भी शहीद हवलदार प्रबोध महतो की स्मृति में 'प्रबोध महतो' रखा गया.

ये भी पढ़ें: कौन थे सुदिव्य कुमार सोनू? चुनाव से लेकर छात्र आंदोलन तक, हर मोर्चे पर JMM के लिए बने 'संकटमोचक'

समारोह में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

समारोह में बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजन मेहता, भाजपा नेता शंकर यादव, मुखिया विनोद विश्वकर्मा, उप मुखिया गीता देवी, कुश दुबे, बजरंग दल के दामोदर मिश्रा, हिमांशु पांडे, राजबली महरा, पूर्व प्रमुख रविंद्र पासवान, अजय मेहता, राजनाथ पाल, संतोष पाल, कपिल देव ठाकुर, गुड्डू पाल, अमरेश राम, प्रदीप यादव और जगदीश सिंह समेत क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandra shekhar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >