पलामू. पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के पुलिस स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एकादश और पत्रकार एकादश के बीच फैंसी क्रिकेट मैच खेला गया. इस 12 ओवर के मुकाबले में पत्रकार एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन एकादश को 3 विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की. मैच के अंतिम क्षण तक मुकाबला रोमांचक बना रहा और निर्णायक रन अंतिम ओवर में बना.
अंतिम क्षण तक रोमांचक बना रहा मुकाबला
टॉस जीतकर जिला प्रशासन एकादश ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. निर्धारित 12 ओवर में चार विकेट खोकर 101 रन स्कोर खड़ा किया. पत्रकार एकादश के सामने जीत के लिए 102 रन का लक्ष्य था. जिला प्रशासन की ओर से पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत 35 रनों का योगदान दिया, जबकि सदर एसडीपीओ राजेश यादव 49 रन बनाकर आउट हो गये. जवाबी पारी खेलने उतरी पत्रकार एकादश की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम के सलामी बल्लेबाज करण महज एक रन बनाकर आउट हो गये. इसके बाद नीरज कुमार ने मोर्चा संभालते हुए 31 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम को लक्ष्य की ओर बढ़ाया. विनोद कुमार ने 15 गेंदों पर छह रन बनाया, जबकि प्रभुदयाल तिवारी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 29 रन बनाकर मुकाबले में रोमांच पैदा कर दिया. नीरज के आउट होने के बाद अरुण कुमार ने भी 13 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया.
ये भी पढ़ें: पलामू में स्वतंत्रता दिवस की धूम, शहर से लेकर सुदूरवर्ती इलाकों तक शान से लहराया तिरंगा
काफी रोमांचक और उत्साह पूर्ण रहा मैच
इसके साथ ही पत्रकार एकादश के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी देखी गयी. अंतिम ओभर तक मैच काफी रोमांचक और उत्साह पूर्ण रहा. डीआरडीओ निदेशक रतन सिंह ने कमेंट्री किया.जिला प्रशासन एकादश में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक कपिल देव चौधरी, ट्रेनिंग आईएएस ऋत्विक मेहता, डीपीआरओ असीम कुमार, एनडीसी नीरज कुमार, एपीआरओ अजीत तिवारी, डीएसपी राजेश यादव, आईएफएस प्रदीप, जेल अधीक्षक प्रभात कुमार और सदर सीओ अमरदीप बालोतरा समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे. पत्रकार एकादश की ओर से कप्तान सतीश सुमन, चंद्रशेखर सिंह, अरुण शुक्ला, प्रभुदयाल तिवारी, नीरज कुमार, आमिर, शशिकांत ओझा, करुणा करन, विनोद सिंह, अरुण कुमार और पप्पू ने मैदान पर अपना दमखम दिखाया. मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए मैच का भरपूर आनंद लिया.
