पड़वा,पलामू: थाना क्षेत्र के लोहड़ा फोरलेन सड़क पर अज्ञात वाहन के धक्के से होमगार्ड जवान दिलीप कुमार महतो की मौत हो गयी. मृतक पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ीखास गांव का रहने वाला था. वह वर्तमान में राजहरा कोलियरी में ड्यूटी कर रहा था.
ड्यूटी से घर लौटने के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार, दिलीप कुमार महतो बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे राजहरा कोलियरी से ड्यूटी कर अपने घर गाड़ीखास लौट रहा था. इसी दौरान लोहड़ा के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया.
पड़वा थाना की गश्ती दल ने तत्काल घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी और घायल को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा. इलाज के दौरान होमगार्ड जवान की मौत हो गयी.
पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है.
