Palamu News: जल यात्रा में शामिल 8 साल की बच्ची को पिकअप ने कुचला, मौत के बाद NH-139 जाम; मुआवजे पर अड़े ग्रामीण

झारखंड के हरिहरगंज में एनएच-139 पर तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किया।

हरिहरगंज,पलामू: हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कौवाखोह स्थित मधुबन होटल के समीप एनएच-139 पर गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे तेज रफ्तार पिकअप कैंपर की चपेट में आने से आठ वर्षीय बालिका की मौत हो गयी. मृत बच्ची की पहचान पिरोजी गांव निवासी मुकेश राम की पुत्री स्वीटी कुमारी के रूप में हुई है. स्वीटी गांव के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, पिरोजी में दूसरी कक्षा की छात्रा थी.

जानकारी के अनुसार, श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर बांसों-पिरोजी गांव से श्रद्धालुओं द्वारा जल यात्रा निकाली गयी थी. यात्रा में शामिल लोग कटैया-बटाने नदी से जल लेकर सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ वापस लौट रहे थे. इसी दौरान हरिहरगंज की ओर से छतरपुर की तरफ जा रहे पिकअप कैंपर (बीआर02जीडी6436) ने जल यात्रा में शामिल स्वीटी को अपनी चपेट में ले लिया.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची सड़क से दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गयी. जल यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों ने तत्काल घायल बच्ची को हरिहरगंज बीडीओ की गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया.

चालक को रोकने का किया गया था इशारा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप कैंपर काफी तेज गति से आ रहा था. लोगों ने चालक को वाहन रोकने के लिए इशारा भी किया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका. इसी दौरान बच्ची वाहन की चपेट में आ गयी. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने वाहन को रोककर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा.

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौके पर जुट गये. आक्रोशित लोगों ने मृत बच्ची के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर एनएच-139 पर सड़क जाम कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे.

वहीं सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन भी मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेते हुए मामले में उचित पहल का आश्वासन दिया. समाचार लिखे जाने तक एनएच-139 पर सड़क जाम था. आक्रोशित ग्रामीण और श्रद्धालु मृत बच्ची के परिजनों को मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए थे. पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >