नौडीहा बाजार, पलामू : दिल्ली में गैस सिलेंडर फटने से नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के बिशनपुर हबरुआ गांव निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र राम और उनके साले पिंटू कुमार की मौत हो गयी. दोनों दिल्ली एयरपोर्ट पर मजदूरी करते थे. सोमवार को दोनों के शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
बताया जाता है कि शुक्रवार की रात राजेंद्र राम और उनके साले पिंटू कुमार दिल्ली में एक साथ खाना बना रहे थे. इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया. हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गये. आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना परिजनों को दी.
इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
सूचना मिलने के बाद परिजन दूसरे दिन दिल्ली पहुंचे. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण रविवार को इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी. इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर सोमवार को शव गांव लाया गया.
शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. गांव के लोग भी शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने के लिए पहुंचते रहे. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है.
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था राजेंद्र
बताया जाता है कि राजेंद्र राम परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. परिजनों के अनुसार, राजेंद्र की कमाई से ही घर का खर्च चलता था. उनकी असमय मौत से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है.
राजेंद्र राम के साले पिंटू कुमार बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के बगिया गांव के रहने वाले थे. वह भी पिछले पांच वर्षों से दिल्ली एयरपोर्ट पर मजदूरी का काम करते थे.
