हरिहरगंज से कृष्णा गुप्ता की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के शिकारपुर गांव स्थित सुदूर जंगली इलाके में मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. शव गोरेया घाट जंगल स्थित डिहरा पहाड़ के नीचे गुफानुमा चट्टानों के बीच बेहद खराब स्थिति में पाया गया. शव के क्षत-विक्षत होने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है. मृतक ने शरीर पर काला शर्ट और जींस पैंट पहन रखा है. जंगली जानवरों द्वारा शव को नुकसान पहुंचाये जाने की भी आशंका जताई जा रही है. शिनाख्त के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया का सहारा लेते हुए छानबीन तेज कर दी है.
लकड़ी चुनने के लिए जंगल गये ग्रामीणों ने देखा शव
मंगलवार की सुबह शिकारपुर गांव के कुछ ग्रामीण लकड़ी चुनने के लिए जंगल की ओर गये थे. गांव से करीब पांच किलोमीटर दक्षिण जंगल के भीतर चट्टानों के पास से असहनीय दुर्गंध आने पर जब ग्रामीण करीब पहुंचे, तो वहां एक व्यक्ति का शव पड़ा देख उनके होश उड़ गये. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना हरिहरगंज पुलिस को दी.
10 से 15 दिन पुराना है शव
सूचना मिलते ही एसआई राकेश कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद चट्टानों के बीच फंसे शव को बाहर निकाला. पुलिस के अनुसार, शव काफी हद तक गल चुका है, जिससे प्रतीत होता है कि मौत करीब 10 से 15 दिन पहले हुई होगी.
शिनाख्त और जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया है. कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है.
इसे भी पढ़ें: रांची में यमदूत बने खुले नाले, निगम की लापरवाही से जा रही मासूमों की जान
क्या कहती है पुलिस
एसआई राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. आसपास के थानों को मृतक के कपड़ों और कद-काठी का हुलिया भेज दिया गया है ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके.
इसे भी पढ़ें: गुमला से लापता बच्ची के मामले में हाइकोर्ट सख्त, सात साल से नहीं मिला है कोई सुराग
