मेदिनीनगर, पलामू : केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट ऑर्गनाइजेशन झारखंड के प्रदेश सचिव रमेश शुक्ला ने संगठन के नाम पर बुलायी गयी बैठक को अवैध बताया है. रविवार को होटल अभिनंदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन से सदस्यता समाप्त हो चुके कुछ लोग पुराने पदों का इस्तेमाल कर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.
सात लोगों की सदस्यता समाप्त होने का दावा
रमेश शुक्ला ने कहा कि 19 जुलाई 2026 को आयोजित वार्षिक आमसभा में बहुमत के आधार पर सात लोगों की सदस्यता समाप्त की गयी थी. इसके बावजूद वे संगठन के नाम का इस्तेमाल कर बैठक बुला रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान ई-निबंधन के आधिकारिक रिकॉर्ड और बैंक खाते में इन लोगों को संगठन के संचालन का कोई अधिकार प्राप्त नहीं है.
उन्होंने दवा व्यवसायियों से अपील की कि संगठन के नाम से मिलने वाली किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले अधिकृत रिकॉर्ड से उसकी पुष्टि जरूर करें.
सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय होने का दावा
प्रदेश सचिव ने कहा कि संगठन दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय है. स्वास्थ्य शिविर और स्वाइन फ्लू जागरूकता जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि मेदिनीनगर सदर प्रखंड के सुआ-कौड़िया गांव में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था, जिसमें गरीब लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया गया. उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केमिस्टों के हितों की रक्षा के साथ जरूरतमंदों की सेवा करना भी है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल, गौरीशंकर मिश्रा, अरविंद अग्रवाल, प्रभात मिश्रा, विकास उपाध्याय, रवीश तिवारी, अशोक अग्रवाल, पुरुषोत्तम अग्रवाल और जितेंद्र कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.
