छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़क पर उतरी BJP, हरिहरगंज में जाम कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

हरिहरगंज में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग की।

पलामू: प्रखंड के पुरानी बस स्टैंड स्थित सिनेमा मोड़ के पास मंगलवार को छात्रों के आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज किये जाने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार पर नौकरी बेचने का आरोप लगाया.

प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर लाठीचार्ज किये जाने की कड़ी निंदा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मुन्ना विश्वकर्मा और भाजपा मंडल अध्यक्ष बल्लू बलराम ने कहा कि हेमंत सरकार छात्रों के हित में काम नहीं कर रही है.

उन्होंने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, पीजीटी समेत विभिन्न परीक्षाओं में लगातार अनियमितता की शिकायतें सामने आ रही हैं. अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. भाजपा नेताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का बल प्रयोग स्वीकार नहीं किया जायेगा. सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.

इधर, सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. इस दौरान कुछ समय तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा.

प्रदर्शन में भीमसेन शर्मा, अरुण मिश्रा, सुनील गुप्ता, ओम सिंह, करण राजवीर, अशोक सिंह, गुप्ता, साव, माखन, धर्मेंद्र गुप्ता, विजय मिश्रा, अमित कुमार, कन्हाई, धनंजय सिंह, अरविंद पांडेय, संतोष शौंडिक, मनोज सोनी, सुशील, अभिषेक सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >